![]()
उन्नाव के परियर क्षेत्र स्थित ग्राम मरौंदा मझवारा में रविवार दोपहर चूल्हे की चिंगारी से भीषण आग लग गई। इस घटना में एक गरीब परिवार का पूरा घर और गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय परिवार का मुखिया मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रविशंकर राठौर प्रतिदिन की तरह मजदूरी करने बाहर गए थे। दोपहर में घर के अंदर खाना बनाया जा रहा था, तभी चूल्हे से निकली एक चिंगारी ने छप्पर में आग पकड़ ली। तेज गर्मी और सूखे छप्पर के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरे घर से ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगने पर परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी तथा पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। इस अग्निकांड में घर में रखे बर्तन, कपड़े, चारपाई, पशुओं का भूसा और लगभग पांच कुंतल गेहूं जलकर राख हो गया। इससे परिवार के सामने भोजन और आवास का संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान करने की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल योगेश कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। राजस्व विभाग द्वारा क्षति का आकलन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। प्रधान प्रतिनिधि आलोक तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें रहने के लिए सुरक्षित छत मिल सके।
Source link
उन्नाव में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग:घर का सारा सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान हुआ