![]()
ऋषिकेश में सोमवार रात उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के वक्त ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, डिब्बे बेपटरी होने के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हादसा रात करीब 9:30 बजे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर खांड गांव इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक योगनगरी रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस की शंटिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के तीन कोच अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम व पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक ट्रैक को दुरुस्त करने और डिब्बों को हटाने का काम चलता रहा। तकनीकी गड़बड़ी की आशंका प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन शंटिंग के दौरान अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर जाकर पटरी से उतर गई। इसके बाद डिब्बों को जोरदार झटका लगा और वे पास की दीवार से टकरा गए। जिसकी जोरदार आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत ट्रैक के आसपास वाले इलाके को खाली कराया और कुछ समय तक ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी हादसे की वजह मानी जा रही है। हालांकि रेलवे अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग हादसे के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि ट्रेन पूरी तरह खाली थी और फिलहाल किसी रेल सेवा पर असर नहीं पड़ा है। इंदौर से ऋषिकेश-देहरादून को जोड़ती है उज्जैनी एक्सप्रेस उज्जैनी एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के इंदौर को हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश और देहरादून से जोड़ने वाली अहम ट्रेन है। यह सप्ताह में दो दिन, गुरुवार और रविवार को संचालित होती है। इंदौर से दोपहर करीब 3:25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम करीब 6:45 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंचती है। वहीं, ऋषिकेश से सुबह करीब 6:15 बजे वापसी के लिए रवाना होती है। इसे उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवाओं में शामिल माना जाता है।
Source link
ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे:शंटिंग के दौरान हुआ हादसा; देर रात तक चला मरम्मत कार्य