![]()
बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक बंद करने पर दो युवकों ने गेटमैन के साथ मारपीट की। युवकों पर गेटमैन का मोबाइल छीनकर फेंकने और उसे जमीन पर गिराकर पीटने का आरोप है। यह घटना ट्रेन गुजरने से पहले फाटक बंद किए जाने के बाद हुई। यह घटना गुरुदयाल पुरवा स्थित रेलवे समपार संख्या 167 A/C TEG-HGH पर हुई। शाम लगभग 6:47 बजे गेटमैन दिव्यांश कौशिक ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 14021 के गुजरने के लिए रेलवे फाटक बंद किया गया था। तभी बाइक सवार दो युवक जबरन गेट बूम उठाकर निकलने का प्रयास करने लगे। जब गेटमैन ने उन्हें रोका और बताया कि ट्रेन आने वाली है, तो दोनों युवक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने पहले गाली-गलौज और धमकी दी। गेटमैन द्वारा वीडियो बनाने की कोशिश करने पर युवकों ने उसका मोबाइल छीनकर दूर फेंक दिया। इसके बाद दोनों ने दिव्यांश कौशिक को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में गेटमैन के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। घटना की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरपीएफ हैदरगढ़ और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ टीम के पहुंचने के बाद एक आरोपी मोनू वर्मा को पकड़ लिया गया। आरोपी मोनू वर्मा तेजवापुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी विनोद वर्मा अलमापुर गांव का रहने वाला है। दोनों युवक बाइक से घटनास्थल पर पहुंचे थे। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद एक राहगीर ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें आरोपी युवक गेटमैन को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि गेटमैन की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
गेटमैन को पीटा, मोबाइल फेंका:बाराबंकी में ट्रेन के लिए फाटक बंद करने पर केस दर्ज