![]()
मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के रेपुरा जाट गांव के ग्रामीणों ने बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर फरह बिजली घर पर प्रदर्शन किया। दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के एसडीओ से मिलकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्हें लगातार कई-कई घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, और जब बिजली आती भी है तो वोल्टेज बेहद कम रहता है। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच बिजली की इस समस्या ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि पानी की मोटर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय भी घंटों बिजली गायब रहती है, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। गर्मी के चलते लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इस संबंध में फरह विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर बिजली घर आए थे। उन्होंने लो वोल्टेज और समय पर बिजली न मिलने की शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। एसडीओ देवेंद्र कुमार ने आगे कहा कि जिन क्षेत्रों में वोल्टेज की समस्या अधिक है, वहां अतिरिक्त विद्युत खंभे लगाकर अलग से केबल डाली जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
Source link
फरह बिजली घर पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान, एसडीओ से शिकायत