![]()
श्रावस्ती। ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से दैनिक भास्कर का प्रधान रेटिंग अभियान रविवार को श्रावस्ती जनपद पहुंचा। टाइगर क्लब अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी ओम प्रकाश वर्मा ने अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर जनपद के सभी पांच ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस अभियान के तहत ग्रामीण अब अपने ग्राम प्रधानों के कामकाज का डिजिटल मूल्यांकन स्वयं कर सकेंगे। दैनिक भास्कर की टीम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ग्राम पंचायतों में जाकर प्रधानों की रेटिंग करा रही है। रेटिंग देने वाले ग्रामीणों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे वे बिना किसी डर के अपनी राय दे सकें।
ग्रामीण पेयजल, सड़क, सफाई, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के आधार पर अपने प्रधान को 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकते हैं। इस पहल से पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के कार्यों का वास्तविक आकलन सामने आएगा। मौके पर मौजूद प्रबुद्धजनों ने इस अभियान को मीडिया जगत में एक नई और प्रभावशाली शुरुआत बताया। उनका कहना था कि यह पहली बार है जब कोई मीडिया संस्थान गांव के प्रधान के कामकाज पर इतना व्यापक और निष्पक्ष सर्वेक्षण कर रहा है। इससे पहले विधायकों की रेटिंग को लेकर भी इसी तरह का सर्वे सफल रहा था। टाइगर क्लब अध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा ने कहा कि आमतौर पर ग्रामीण अपने प्रधान के सामने खुलकर उनकी कार्यप्रणाली पर बात नहीं कर पाते। दैनिक भास्कर के इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोग निडर होकर अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रचार वाहन के माध्यम से गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने को एक सराहनीय कदम बताया। यह अभियान न केवल ग्रामीणों को सशक्त करेगा, बल्कि ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Source link
दैनिक भास्कर का प्रधान रेटिंग प्रचार वाहन श्रावस्ती पहुंचा:लोग बोले- जनता अब अपने प्रधानों के कामकाज का प्रधान रेटिंग से डिजिटल राय दें