![]()
प्रयागराज में आंधी और बारिश थमने के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकलने के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं और सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रयागराज प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार दिन में तेज धूप के चलते तपिश और बढ़ेगी। पिछले दो दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि आज अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। देखें 3 तस्वीरें….. भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गर्मी से बचाव करते नजर आ रहे हैं। कोई गमछे का सहारा ले रहा है तो कोई टोपी पहनकर धूप से बचने की कोशिश कर रहा है। वहीं कोचिंग जाने वाले छात्रों को भी तेज धूप परेशान कर रही है। कई छात्र गमछा बांधकर तो कुछ किताबों से चेहरा ढंककर धूप से बचते दिखाई दिए। गर्मी अब सिर्फ इंसानों ही नहीं बल्कि जानवरों के लिए भी परेशानी का कारण बन गई है। प्रयागराज पुलिस लाइन स्थित घोड़ों के अस्तबल में गर्मी से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी घोड़ों के पास कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है, साथ ही उन्हें सुबह और शाम नहलाया भी जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
Source link
प्रयागराज में आंधी-बारिश के बाद फिर बढ़ी तपिश, तापमान 44°C:हीटवेव का अलर्ट जारी, घोड़ों के लिए लगाया गया कूलर