बेल्थरा रोड में सरयू नदी किनारे युवती का शव मिला:ग्रामीण बोले- बनियान पहनकर 3 लोग आए थे, हत्या की आशंका


बेल्थरा रोड में उभांव थाना क्षेत्र के करीमगंज स्थित मौनी बाबा कुटी से लगभग 50 फर्लांग दूर सरयू नदी किनारे 22 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने का मामला अब और रहस्यमय हो गया है। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं ग्रामीणों द्वारा बताई गई संदिग्ध गतिविधियों ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है। घटना को लेकर पूरे दिन इलाके में चर्चाओं का माहौल बना रहा। शनिवार शाम सरयू नदी किनारे युवती का शव उतराता हुआ मिलने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता और उभांव थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों के अनुसार शव की गर्दन पर गहरा काला निशान था, जो किसी धारदार हथियार से वार या गर्दन रेतने जैसा प्रतीत हो रहा था। इसी के बाद से ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। सरयू नदी की तरफ जा रही थी गाड़ी रविवार को ग्रामीणों ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक बोलेरो वाहन सरयू नदी की तरफ जाता दिखाई दिया था। लोगों का कहना है कि उस दिशा में आगे कोई रास्ता नहीं है, इसलिए वाहन को वहां जाते देख ग्रामीणों को शक हुआ। कुछ देर बाद वाहन चालक बोलेरो को वापस मोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर गिरते-गिरते बचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो से उतरे कुछ लोग एक चादर में लिपटी वस्तु लेकर नदी की ओर जाते दिखाई दिए थे। ग्रामीण बोले- बनियान पहनकर आए थे ग्रामीणों ने बताया कि उस समय उन्हें लगा कि शायद लोग हवन-पूजन की सामग्री नदी में प्रवाहित करने जा रहे हैं, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि वाहन से उतरे दो-तीन लोग केवल बनियान पहने हुए थे। नदी किनारे खेल रहे बच्चों और बकरी चरा रहे किशोरों ने भी बोलेरो को वहां जाते देखा था। ग्रामीणों के अनुसार वाहन पर “यूपी 54” अंकित था। पुलिस बोलेरो और संदिग्धों की तलाश में जुटी ग्रामीणों की इन जानकारियों के बाद मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब बोलेरो वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंका गया हो। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही युवती की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *