गोरखपुर में 14-15 मार्च को होगी UPSI की लिखित परीक्षा:कुल 24 सेंटर निर्धारित, सभी केंद्रों पर पुलिस बल की कड़ी निगरानी


उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है। 14 और 15 मार्च को होने वाली इस परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गोरखपुर रेंज के चार जिलों में कुल 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें गोरखपुर समेत देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज शामिल हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दो पालियों में होगी परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित यह परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। यह लिखित परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष व्यवस्था बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन परिसर में अभ्यर्थियों के लिए अलग से होल्डिंग एरिया बनाया गया है और हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस बल तैनात परीक्षा को नकलमुक्त और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। एसपी रेलवे लक्ष्मीनिवास मिश्र ने शुक्रवार को पुलिस फोर्स के साथ स्टेशन परिसर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था, नकल रोकने के उपाय और अभ्यर्थियों की सुविधाओं से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि किसी तरह की जल्दबाजी या परेशानी से बचा जा सके। अभ्यर्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड जरूर लाना होगा। प्रतिबंधित वस्तुओं पर रहेगी निगरानी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *