![]()
महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित आरटीओ ऑफिस के सामने बना सार्वजनिक शौचालय पिछले लगभग एक वर्ष से बंद पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय निवासी आशा देवी, अखिलेश कुमार, अनुज कुमार और पवन मद्धेशिया ने बताया कि शौचालय का दरवाजा लंबे समय से बंद है। इसके कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि आरटीओ कार्यालय और बाजार क्षेत्र होने की वजह से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन सार्वजनिक सुविधा बंद होने से लोगों को खुले में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। नगरवासियों का कहना है कि सरकार स्वच्छता अभियान और सार्वजनिक सुविधाओं पर लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं बदहाल हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द शौचालय को चालू कराने और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
आरटीओ ऑफिस के सामने सार्वजनिक शौचालय एक साल से बंद:महिलाओं और राहगीरों को हो रही परेशानी, शिकायतों के बाद भी नहीं खुला