![]()
संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे जाम करने के मामले में 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें पांच महिलाएं और बसपा के पूर्व अध्यक्ष के बेटे सहित नौ नामजद व्यक्ति तथा 20 अज्ञात लोग शामिल हैं। यह कार्रवाई एक महिला की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों द्वारा हाईवे जाम करने पर की गई। यह घटना संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के जिला कलेक्ट्रेट कस्बे की है। मृतक महिला की पहचान बहजोई निवासी सोनवती पत्नी स्व. बलवीर के रूप में हुई है। बीते 4 मई को सोनवती अपने घर के बाहर बैठी थीं, तभी मोहल्ले के देव पुत्र बादाम ने उनसे गाली-गलौज कर मारपीट की। मारपीट में सोनवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 4 मई से उनका उपचार चल रहा था। बीते रविवार शाम करीब 4 बजे इलाज के दौरान सोनवती की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर शाम 6 बजे आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच नोकझोंक भी हुई। दरोगा सोमपाल सिंह द्वारा दर्ज एफआईआर में नगर पालिका परिषद बहजोई के बसपा के पूर्व अध्यक्ष चंद्र बादशाह के बेटे तनुज बादशाह के अलावा लज्जावती पत्नी जयवीर, कमलेश पत्नी नेमपाल, चंद माया पत्नी धनवीर, सुनीता पत्नी दिनेश, बबीता पत्नी सुखबीर, भुजवीर पुत्र मदारी, मुनेशपाल पुत्र नेम सिंह और जयवीर सिंह पुत्र हरि सिंह को नामजद किया गया है। इनके साथ 20 अज्ञात लोगों पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है। बुधवार को इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 190, 191(2), 285 और 352 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक एवं क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव के अलावा नगर पालिका परिषद बहजोई के बीजेपी चेयरमैन राजेश शंकर राजू ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद जाम को खुलवा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि इस घटना के संबंध में मृतक महिला की पुत्रवधू राजमल पत्नी बीरेश की शिकायत पर 6 मई को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। BNS की धारा 115(2), 352, 251(3) में देव पुत्र बादाम निवासी यादव कॉलोनी बहजोई को नामजद किया गया था। उसके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी, इस मामले में भी अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।
Source link
संभल में हाईवे जाम करने पर 29 लोगों पर FIR:महिला की मौत के बाद परिजनों ने प्रदर्शन किया था, पुलिस से नोकझोंक हुई