बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में युवक की मौत:सीतापुर में गांव लौटते समय हुआ हादसा, बैटरी रिक्शा को कब्जे में लिया


सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अटवा-बी पुर मार्ग पर बाइक और बैटरी ई रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार शिवपुरी गांव निवासी कमलेश (20) किसी काम से कल्ली गया हुआ था। बुधवार सुबह वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अटवा-बी पुर मार्ग पर सामने से आ रहे बैटरी ई रिक्शा से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कमलेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बैटरी रिक्शा को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की पड़ताल कर रही है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *