![]()
मऊ के दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर ही फायरिंग कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री एके शर्मा मंच पर मौजूद थे। इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने इस मुद्दे को दिल्ली तक उठाने की बात कही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग मंगलवार को सपा सांसद राजीव राय ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ “अपराधी और माफिया प्रवृत्ति” के लोग चलते हैं, जिन्होंने कार्यक्रम में अराजकता फैलाई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में राजीव राय यह दावा करते दिख रहे हैं कि उनके कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले ही भाजपा समर्थकों के दो गुटों के बीच फायरिंग की सूचना मिली थी। सांसद ने बताया कि उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक मऊ को दी थी और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मेमू ट्रेन का उद्घाटन समारोह अब विकास के बजाय राजनीतिक टकराव और आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है। इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में एक नया उबाल ला दिया है।
Source link
मऊ में मेमू ट्रेन उद्घाटन के दौरान हुई फायरिंग:मंत्री एके शर्मा के सामने भाजपा के दो गुटों में हुई झड़प, वीडियो आया सामने