![]()
बदायूं में रविवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस पलट गई। यह हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के पास हुआ। खागा से गुजरात जा रही बस का टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गई। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 202 पर देर रात करीब 12 बजे हुई। यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश लोग सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के हादगाऊ थाना क्षेत्र के चूल्हा गांव निवासी अनुज (42) पुत्र श्यामलाल के रूप में हुई है। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ को दातागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में पंजाब निवासी संपत, बुद्धा यादव, गुनगुन, साहिल और खागा निवासी अर्जुन कुमार शामिल हैं। अर्जुन कुमार का एक पैर कट गया है और दूसरा टूट गया है। दातागंज सीएचसी में भर्ती मेहर के दोनों पैर कट गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दातागंज और मूसाझाग सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को रेस्क्यू कर अस्पतालों तक पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी (डीएम) अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्राथमिक जांच में बस का टायर फटना ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Source link
टायर फटने से डबल डेकर बस पलटी:एक यात्री की मौत, 30 से अधिक घायल, बदायूं में एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा