एलडीए ने शुरू किया डोर-टू-डोर सर्वे,:सभी योजनाओं की आवंटित संपत्तियों का होगा सत्यापन


लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शहर की सभी आवंटित आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का डोर-टू-डोर सत्यापन शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत एलडीए की टीमें घर-घर जाकर संपत्तियों का भौतिक निरीक्षण करेंगी और मालिकाना रिकॉर्ड अपडेट करेंगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की फाइलों के डिजिटाइजेशन के दौरान कई संपत्तियों का रिकॉर्ड अधूरा या उपलब्ध नहीं मिला। इससे न सिर्फ प्राधिकरण के काम प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि फर्जीवाड़े की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए सभी योजनाओं में व्यापक सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे का जिम्मा पीसीएस मैनेजमेंट कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। संस्था के कर्मचारी घर-घर जाकर संपत्तियों का सत्यापन करेंगे। एलडीए की ओर से उन्हें आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे, ताकि लोग उनकी पहचान सुनिश्चित कर सकें। सर्वे टीम आवंटियों से मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज और पहचान पत्र की जानकारी लेगी। इसके आधार पर प्राधिकरण अपने रिकॉर्ड अपडेट करेगा। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड अपडेट होने से भविष्य में संपत्तियों से जुड़े विवाद और फर्जीवाड़े की संभावना कम होगी। साथ ही नागरिक सेवाएं भी अधिक पारदर्शी और आसान बन सकेंगी। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे सर्वे टीम का सहयोग करें, ताकि डिजिटाइजेशन और सत्यापन का काम समय पर पूरा हो सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *