कानपुर में रामगंगा नहर की पटरी फटी:पुल निर्माण स्थल पर कूड़ा फंसा, सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न


कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के बरईगढ़ इलाके में शनिवार सुबह रामगंगा नहर की पटरी अचानक फट गई। पटरी टूटते ही नहर का पानी तेज रफ्तार से आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई। अचानक पानी भरने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, साढ़-कुढ़नी मार्ग पर बरईगढ़ नहर पुल के पास नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान लगाए गए एंगलों में नहर के बहाव के साथ आने वाला कूड़ा-करकट फंस गया था। कूड़ा जमा होने से पानी का बहाव बाधित हो गया और नहर में दबाव लगातार बढ़ता गया। इसी दबाव के कारण नहर की पटरी अचानक टूट गई और पानी खेतों की ओर बहने लगा। निर्माण कार्य के दौरान फंसा कूड़ा बना वजह
घटना की सूचना मिलते ही नहर विभाग के एसडीओ उपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विभाग ने तुरंत जेसीबी और डंपरों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद टूटी हुई पटरी को अस्थायी रूप से बांधकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। साथ ही, पुल में फंसे कूड़े को हटाने के लिए मजदूर लगाए गए ताकि पानी का प्रवाह सामान्य हो सके। किसानों को बड़ा नुकसान टला, स्थिति नियंत्रण में
एसडीओ उपेंद्र सिंह ने बताया कि नहर में इस समय पूरी क्षमता के साथ पानी चल रहा है। निर्माण स्थल पर कूड़ा फंसने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई थी, जिससे पटरी टूट गई। उन्होंने कहा कि विभाग ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मरम्मत कार्य कराया, जिससे स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और बड़े नुकसान को टाल दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *