![]()
हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न पटलों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला अनुश्रवण समिति की बैठक के बाद हुआ, जब एक फरियादी ने उनसे मिलकर अंत्योदय राशन कार्ड बनाने में हो रही देरी की शिकायत की। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी तत्काल जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की समस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यह भी कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में तैनात कर्मचारियों से उनके कार्यों और दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में अनुशासन बनाए रखते हुए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादी अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचे, उसकी समस्या को नियमों के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर सुना और निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों में सम्मानपूर्वक और सहज रूप से सेवाएं मिलें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकरण में पात्रता और मेरिट है, तो उसका निस्तारण बिना अनावश्यक विलंब के होना चाहिए। जिलाधिकारी ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर कार्यालय तक पहुंचता है, इसलिए उसकी समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने आयुध अनुभाग, वीआईपी सहायक/प्रकीर्ण लिपिक कार्यालय, जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय और राजस्व अभिलेखागार कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नकल प्राप्त करने हेतु प्राप्त आवेदनों, निर्धारित शुल्क, नकल रजिस्टर और संबंधित पंजिकाओं का अवलोकन किया। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी…. उन्होंने निर्देश दिए कि आवेदकों को समयबद्ध तरीके से नकल उपलब्ध कराई जाए और नकल प्रदान करने के बाद संबंधित पंजिका पर आवेदक के हस्ताक्षर अवश्य कराए जाएं, ताकि सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण में किसी भी स्थिति में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Source link
DM ने कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया:जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश, फरियादियों की शिकायत पर पहुंचे