![]()
शहर की सड़कों पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। मंगलवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल शहर में निरीक्षण करने निकले थे। यहां तमाम अव्यवस्थाएं मिली। निरीक्षण के दौरान रैना विला रोड पर गिट्टी और बालू गिराकर रास्ता बाधित करने व नाली जाम करने की शिकायत हुई। इस मामले में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दो व्यक्तियों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही तत्काल सड़क से निर्माण सामग्री न हटाने पर संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आवागमन बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नगर आयुक्त सबसे पहले वरुणापार क्षेत्र के भक्ति नगर पहुंचे थे। यहां नालों की सफाई का कार्य उन्हें संतोषजनक मिला। वहीं सफाई के बाद निकाला गया कूड़ा और सिल्ट सड़क किनारे देख उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सामान्य विभाग के अधिशासी अभियंता से नाला सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठान सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया ताकि क्षेत्रीय जनता को दुर्गंध और गंदगी से निजात मिल सके।
Source link
नाली जाम करने पर लगाया 50 हजार रुपये का जुर्माना:वाराणसी में नगर आयुक्त के निरीक्षण में तमाम शिकायतें, सड़क पर गिट्टी व बालू करने वालों पर होगा एक्शन