![]()
श्रावस्ती में सोमवार को मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस आंधी-बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बारिश का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई दे रहा है। मक्के की लेट वैरायटी उगाने वाले किसानों के लिए यह बरसात फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि इससे फसलों की सिंचाई हो जाएगी। हालांकि, जिन किसानों की मक्के की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी है, उनके लिए बारिश नुकसानदायक साबित हो सकती है। तेज हवाओं और बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण फसल के खेतों में गिरने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसके साथ ही, आगामी 5 मई को जनपद के कई इलाकों में होने वाले शादी-विवाह कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी मौसम की मार पड़ सकती है। बारिश के चलते आयोजन करने वाले परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आंधी और बारिश आम की फसल के लिए भी नुकसानदेह मानी जा रही है। पेड़ों पर लगे छोटे फल तेज हवा के कारण गिर सकते हैं, जिससे आम उत्पादक किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि जनपद में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पक्के मकानों में ही रहें, बारिश के दौरान बाहर न निकलें तथा पानी से बचने के लिए हरे पेड़ों, टावरों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
Source link
श्रावस्ती में तेज आंधी-बारिश, प्रशासन अलर्ट:मक्का उगाने वाले किसानों, आम की फसल और शादी-विवाह पर असर