![]()
संतकबीरनगर की युवा कलाकार शिवांगी यादव को राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया गया है। उन्हें देश के प्रतिष्ठित ‘आर्टिस्ट इन रेजिडेंस’ कार्यक्रम के लिए चुना गया था। बीते गुरुवार को राष्ट्रपति ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि के बाद शनिवार को खलीलाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और उत्साहवर्धन किया। मूल रूप से गोरखपुर जनपद के औरवा गांव की निवासी शिवांगी कांत वर्तमान में खलीलाबाद क्षेत्र के बंजरिया पूर्वी में रहती हैं। उन्हें यह अवसर वाराणसी स्थित हस्तशिल्प सेवा केंद्र के माध्यम से मिला, जो वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) के अंतर्गत संचालित होता है। शिवांगी सीआरपीएफ में तैनात रामाकांत यादव और श्रीमती सुशीला यादव की पुत्री हैं। उन्होंने सी.एस.जे.एम. विश्वविद्यालय, कानपुर से चित्रकला (BFA इन पेंटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है।
शिवांगी को बचपन से ही कला, शिल्प और पेंटिंग में विशेष रुचि थी। उन्होंने लगातार अपनी कला साधना जारी रखी। वर्ष 2015 में बस्ती में आयोजित मंडल स्तरीय कला प्रतियोगिता में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। बनारस में आयोजित राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रपति भवन के ‘आर्टिस्ट इन रेजिडेंस’ कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया। इसे उनके कला जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। शिवांगी कांत का सपना है कि संतकबीरनगर जनपद में कला एवं संस्कृति से जुड़े युवाओं को एक मंच मिले, ताकि स्थानीय कलाकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि कला समाज को जोड़ने और संस्कृति को जीवित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की अध्यक्ष अंबिका देवी यादव, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष नवीन त्रिपाठी, राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक राम यादव सहित कई शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें बधाई दी।
Source link
राष्ट्रपति ने शिवांगी यादव को किया सम्मानित:'आर्टिस्ट इन रेजिडेंस' कार्यक्रम में मिला सम्मान; चेयरमैन ने स्वागत किया